नाहन : सिरमौर भाजपा अध्यक्ष के पद पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के सिपहसलार विनय गुप्ता को दोबारा कमान सौंप दी गई है। देर शाम सर्किट हाउस में शीर्ष नेता गणेश दत्त की मौजूदगी में संगठन के चुनाव आयोजित हुए। इस दौरान भाजपा मंडलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक तमाम मंडल अध्यक्षों ने विनय गुप्ता के नाम पर सर्वसम्मति जता दी है। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष के अलावा पार्टी के चंद्रमोहन ठाकुर, बलदेव भंडारी व सुखराम चौधरी इत्यादि भी मौजूद थे। दीगर है कि बीजेपी के संगठनात्मक चुनाव क्रमवार चल रहे एक मंडल के अलावा भाजपा ने सिरमौर में तमाम मंडलों के चुनाव पूरे कर लिए हैं।
सिरमौर भाजपा की कमान दोबारा मिलने के बाद विनय गुप्ता ने पार्टी को आश्वस्त किया है कि अगले विधानसभा चुनाव में जनपद की पांचों सीटों पर कब्जा जमाया जाएगा। गुप्ता को राजनीति में लंबा तजुर्बा है।