नाहन : दून घाटी में माजरा के समीप मशरूम प्लांट के परिसर में एक दुर्लभ मुर्गा-मुर्गी का जोड़ा खासा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हालांकि इसकी प्रजाति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन इतना तय है कि मुर्गा-मुर्गी दुर्लभ प्रजाति के हैं। लोगों की मानें तो मुर्गा मोर की तरह पंख फैलाकर नृत्य भी करता है। मुर्गी बिल्कुल गिद्ध की तरह नजर आती है।
हालांकि प्लांट के मालिक से इस बात को लेकर सीधी बात नहीं हो पाई कि आखिर दुर्लभ प्रजाति के मुर्गा व मुर्गी को कहां से लाया गया है। लेकिन इतना तय है कि इन्हें देखने के लिए भीड़ जुटती है। क्योंकि बात पूरे इलाके में फैल चुकी है। लिहाजा लोग मोर की तरह दिखने वाले मुर्गे को देखने के लिए पहुंच रहे हैं। बताया यह भी जा रहा है कि मुर्गी पैदा होने वाले चूज़ों को खुद ही मार देती है। कीड़े-मकोड़े व अनाज के दाने खा कर पेट भरती है।
यकीन कीजिए मुर्गे के पंख बेहद ही आकर्षक हैं। मुर्गे का चेहरा लाल रंग का है। रोचक बात यह है कि जब मुर्गा अपने साथी को रिझाना चाहता है तो उसके चारों तरफ पंख फैलाकर नृत्य करना शुरू कर देता है। कुल मिलाकर विशेषज्ञ ही बता सकते हैं कि मुर्गा कौन सी ऐसी प्रजाति का है जो अब दुर्लभ है।