नाहन : पच्छाद उपचुनाव में वीरवार को हाई वोल्टेज सियासी ड्रामा हुआ। दरअसल हुआ यूं कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल वीरवार दोपहर को ठाकुरद्वारा में मौजूद थे, इससे कुछ ही दूरी पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर भी चुनावी सभा कर रहे थे। कांग्रेस के आरोप को माने तो विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल द्वारा चुनाव प्रचार किया जा रहा था। विधानसभा अध्यक्ष के ठाकुरद्वारा में होने की भनक लगते ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अपने अन्य नेताओं के साथ ठीक उसी जगह पहुंच गए जहां डॉक्टर बिंदल के मौजूद होने की जानकारी मिली थी। सियासी पारा उस वक्त बढ़ गया जब विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ कांग्रेसियों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
आरोप लगाया गया कि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा चुनाव प्रचार किया जा रहा है, लेकिन शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। कांग्रेस का यह भी कहना है कि अगर चुनाव आयोग द्वारा इस बात का संज्ञान नहीं लिया जाता तो मजबूर कोर्ट का सहारा लेना पड़ेगा। कांग्रेस अध्यक्ष का आरोप है कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि इसको लेकर पहले ही विधानसभा अध्यक्ष को हिदायत दी गई थी, लेकिन बिंदल हैं कि चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. राजीव बिंदल विधान के अध्यक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे हैं ऐसे में उन्हें चुनाव से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दिशा में कार्रवाई होनी चाहिए।
सनद रहे कि कांग्रेस ने बुधवार सिरमौर के डीसी को भी निशाने पर लिया था। शुरू से ही कांग्रेस आरोप लगा रही है कि संवैधानिक पद पर होने के बावजूद डॉ. बिंदल चुनाव प्रचार में लगे हुए है। दयाल प्यारी बगावत के बाद बीजेपी ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। वीरवार की घटना से भी ऐसे प्रतीत होता है कि पार्टी के तेजतर्रार नेता को भी मैदान में उतारना पड़ा है। आईपीएच मंत्री तो स्थाई तौर पर डेरा डाले हुए है। उधर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल से सम्पर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।