नाहन : नामी धावक सुनील शर्मा ने एक अनोखा तरीका ढूंढा है। वर्ल्ड चैंपियनशिप की प्रैक्टिस के दौरान प्लास्टिक की बोतलों को इकट्ठा करते हैं। अब चूंकि सरकार ने यह तय किया है कि एक किलो प्लास्टिक को 75 रुपए में खरीदा जाएगा। लिहाजा, वीरवार को सुनील प्लास्टिक की बोतलों को लेकर जिलाधीश कार्यालय पहुंच गए। फिलहाल यह तय नहीं हो पाया है कि इसकी एवज में सुनील को कितनी राशि मिलेगी, लेकिन आप यह जानकर हैरान होंगे कि मिलने वाली राशि को सुनील त्रिलोकपुर की वंशिका को चैरिटी में देंगे।
गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली वंशिका चौथी कक्षा की छात्रा है, जिसकी दोनों किडनियां खराब हैं। सुनील जब अपनी प्लास्टिक की खेप को लेकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे तो जिलाधीश आरके परुथी भी सुनील की सोच को देखकर दंग रह गए। कुल मिलाकर सुनील ने एक बेहतरीन तरीका ढूंढा है। इससे एक तीर से तीन निशाने लगाए जा रहे हैं। पहला प्रैक्टिस के दौरान फिट इंडिया का संदेश देते हैं। दूसरे पर्यावरण संरक्षण में भी भूमिका हो जाती है, तीसरे आमदनी को गरीब रोगियों को दान करने का फैसला ले चुके हैं। शायद पहली बार ही हुआ होगा कि फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण व चैरिटी का आपस में इस तरह से समावेश हुआ होगा।
उल्लेखनीय है कि धावक सुनील शर्मा को अगले माह 22 तारीख को वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए उड़ान भरनी है। धावक सुनील ने कहा कि अगर शहर के चंद लोग इस तरीके को अपना लें तो न केवल टाउन प्लास्टिकमुक्त हो जाएगा, बल्कि इससे मिलने वाली राशि से गरीबों की मदद हो जाएगी।