बिलासपुर : घुमारवीं क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। डीएसपी राजेंद्र कुमार जसवाल ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने कहा है कि आरोपी उसे बीते 1 वर्ष से तंग करता आ रहा है। पहले आरोपी उसे फोन करता रहता था। उसने उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी है।
महिला का आरोप है कि आरोपी रफी खान लगभग एक माह पूर्व उसकी गऊशाला में आया और उसके साथ जबरन दुराचार किया। आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि उसने पुलिस व अपने परिजनों को इस बारे में बताया तो वह उसे जान से मार देगा। महिला का कहना है कि उसके साथ हुए दुराचार को लेकर वह चुप रही, लेकिन एक सप्ताह पूर्व आरोपी ने उसे दोबारा फोन किया और उसके घर आने को कहा लेकिन पीड़िता ने उसकी बात नहीं मानी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब वह आरोपी की इन बातों से डर गई तो उसने सारी घटना अपनी सास व पति को बताई। पुलिस ने महिला का मेडिकल करवाकर इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।