हमीरपुर : प्रस्तावित ऊना-हमीरपुर रेल लाइन को लेकर सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा है कि हिमाचल की जनता को सपनों का हवामहल दिखाना बंद करें। 12 सालों से रेल लाइन की डुगडुगी बजा रहे हैं। अब तो केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकारें हैं तो अब क्यों डबल इंजन हांफ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेल लाइन कागजों में ही बन रही है। कागजों में ही बजट मिलने के साथ सर्वे व डीपीआर बन रही है। लेकिन लोगों के सामने सच्चाई आने पर एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़कर बहसबजी की जा रही है।
इतने सालों से रेल लाइन बिछाने के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन उसके बजट को लेकर जिस तरह केंद्र व राज्य सरकार आनाकानी कर रही है। उससे साफ है कि भाजपा सरकारें व अनुराग ठाकुर शुरू से ही इस प्रोजेक्ट पर काम नहीं करना चाहते तथा लोगों को गुमराह किया जा रहा है। अनुराग ठाकुर का यह कागजी प्रोजेक्ट भी उनके कार्यकाल का एतिहासिक ख्याली पलाव साबित होगा। उन्होंने कहा कि रेल लाइन मुद्दे पर भाजपा व अनुराग ठाकुर को जनता की अदालत में माफी मांगनी चाहिए।
देश की अर्थव्यवस्था का मोदी सरकार में बुरा हाल हो गया है। आम आदमी से लेकर व्यापारी परेशान हो गए हैं। लेकिन अनुराग ठाकुर हिमाचल सैर करने आते हैं और अच्छे दिन बताकर चले जाते हैं। उन्हें बताना चाहिए कि देश की आर्थिक स्थिति चौपट करने के बाद भी उन्हें अच्छे दिन कैसे लग रहे हैं।
राजेंद्र राणा ने हैरानी जताई कि देश की बदहाल अर्थव्यवस्था पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पत्रकारों के जवाब देने में पसीने छूट रहे हैं। जब सवालों के जवाब न दे पाईं तो एक पत्रकारवार्ता में अपनी बाॅस को अनुराग पानी पिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि झूठ का अब भांडाफोड़ हो गया है। जनता भाजपा के झूठ व झूठे सपनों को समझ गई है।