घुमारवीं: जिला के घुमारवीं स्थित सिविल अस्पताल में 15 अगस्त की छुट्टी के बाद आज भी सभी डॉक्टर छुट्टी पर निकल गए। अस्पताल में मरीजों व उनके साथ आए तीमारदारों की भीड़ जुट गई। लेकिन कोई भी डॉक्टर डयूटी पर नहीं आया। 200 से अधिक ओपीडी होने के कारण लोग भड़क गए। जिस कारण लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर दी।
कुछ लोगों ने एसडीएम को भी इस बारे सूचित कर दिया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। मामला गर्माते देख एमरजेंसी में बाहर के अस्पताल से डॉक्टर बुलाए गए। लेकिन उन्होंने भी मरीज नहीं देखे, अलग कमरे में जाकर बैठ गए। बीएमओ घुमारवीं ने बताया कि छुट्टी पर गए डॉक्टर्स ने उनको मैसेज किया था। लेकिन उन्होंने इस बारे में पहले सूचित नहीं किया था।
बीएमओ ने बताया कि मरीजों के लिए 12 बजे तक डॉक्टर का प्रबंध कर लिया जाएगा। लेकिन लोगों को यह समझ नहीं आ रहा है कि इस तरह सभी डॉक्टर्स ने एक साथ क्यों छुट्टी ले ली। बाहर से बुलाए गए डॉक्टर भी मरीजों को देखे बिना अलग कमरे में क्यों चले गए। आखिर यह छुट्टी डॉक्टर्स ने अपनी मजबूरी के चलते ली या फिर कोई कलह चल रही है। यह बात अभी सपष्ट नहीं हो पाई है।