माधवी पंडित/ ज्वाली
जिला कांगड़ा के उपमंडल ज्वाली के निकटवर्ती ग्राम पंचायत सिद्धपुरघाड़ के गांव कोहनाल के एक गुज्जर समुदाय की गरीब महिला फातो बीबी (60) पत्नी स्व. हुसैन की सांप के डसने से मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी अनुसार महिला अपने परिवार के साथ मवेशियों को लेकर गांव कालानाल में टैंट लगाकर रह रही थी कि बीती रात लगभग रात के एक-डेढ़ बजे उसे जहरीले सांप ने डंस लिया। महिला को तुरंत राजा का तालाब के एक निजी अस्पताल में उपचार हेतु ले जाया गया।
वहां से महिला को सिविल अस्पताल नूरपुर रैफर कर दिया गया। नूरपूर अस्पताल के डॉक्टर्स ने भी महिला की गंभीर हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रैफर कर दिया। टांडा को जाते समय महिला ने दम तोड़ दिया। ग्राम पंचायत प्रधान परमजीत मनकोटिया सहित गांव के बुद्धिजीवी लोगों ने सरकार से गुहार लगाई है कि इस गरीब परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाए।