एमबीएम न्यूज़/ शिमला
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) जल्द 500 कंडक्टर भर्ती करने जा रहा है। अहम बात यह है कि ये भर्ती अब हिमाचल विश्वविद्यालय करेगा। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने यह फैसला लिया है। इसके लिए विवि प्रशासन से बातचीत चल रही है। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में कंडक्टर भर्ती विवादों में रही है।
सन 2003 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के दौरान कंडक्टरों के भर्ती मामले में कोर्ट के आदेश पर एफआईआर भी दर्ज हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि कंडक्टरों की भर्ती एचआरटीसी खुद करता है। लेकिन भर्ती संबंधी किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए निर्णय लिया गया है कि हिमाचल विश्वविद्यालय इन भर्तियों को करे तथा इसके लिए विवि प्रशासन से बातचीत चल रही है। भर्ती प्रक्रिया के तहत विवि ही कंडक्टरों की लिखित परीक्षा आयोजित करवाएगा।
उन्होंने कहा कि कंडक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए जल्द 500 पद विज्ञापित किए जाएंगे। इसके अलावा एचआरटीसी में क्लर्क, जेओए और अन्य पद भी भरे जाएंगे। उन्होंने माना कि एचआरटीसी चालकों की भी भारी कमी से जूझ रही है। इसे दूर करने के लिए सरकार निरंतर कोशिश कर रही है और अगले 15 दिनों में 176 चालकों को नियुक्तियां दे दी जाएंगी। परिवहन मंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में चालकों के 276 अन्य पदों को भरने की भी अधिसूचना निकाली जाएगी।