एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी में मंगलवार को हुए ईसी व कोर्ट सदस्य पदों के चुनाव में भाजपा व कांग्रेस-माकपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई है। ईसी सदस्य के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रेम राज और कोर्ट सदस्य पद पर कांग्रेस-माकपा समर्थित प्रत्याशी ललित कुमार ने विजय हासिल की है। ईसी सदस्य पद के लिए भाजपा के प्रेम कुमार को 352 मत प्राप्त हुए। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस-माकपा के गीता राम को 297 मत मिले। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी काबुल सिंह मात्र 11 मत ही हासिल कर पाए।
कोर्ट सदस्य पद पर कांग्रेस-माकपा गठबंधन समर्थित ललित कुमार ने विजय का परचम लहराया। उन्हें 355 मत मिले, वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी व भाजपा समर्थित लूहणु राम ने 300 मत प्राप्त किए।
सनद रहे कि इन चुनाव में भाजपा, कांग्रेस व माकपा समर्थित प्रत्याशियों के बीच त्रिकोणा मुकाबला होता था। वर्ष 2016 में कांग्रेस समर्थित ईसी व कोर्ट में जीते थे। उस समय भी तिकोना मुकाबला था। जबकि बीते दो साल से एक मंच पर आकर कांग्रेस और माकपा समर्थित चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
दरअसल एचपीयू में ईसी और कोर्ट सदस्यों का चुनाव सबसे महत्त्वपूर्ण होता है। इसमें कर्मचारी ऐसे दो प्रतिनिधियों का चयन करते हैं, जो कर्मचारियों से जुड़ी मांगों को सीधे सरकार के समक्ष उठा सकते हैं।