वी कुमार /मंडी
मनाली चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर पंडोह के समीप डयोड में मंगलवार शाम से पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। पहाड़ से मिट्टी व पत्थर लगातार खिसक रहे हैं। पहाड़ी में कटिंग के कारण दरार पड़ गई है। पहाड़ी के एक बड़ा हिस्सा सड़क पर आने का अंदेशा बना हुआ है। भूस्खलन के चलते एनएच पर यातायात प्रभावित हो गया है। खतरे को भांपते हुए प्रशासन ने पुलिस को मौके पर तैनात कर दिया है। पुलिस वाहनों को रोक कर कुल्लू की तरफ भेज रही है। वहीं,खतरे को देखते हुए पहाड़ी पर स्थित घरों को खाली करने के लिए कहा गया है। कुछ ने घर खाली कर दिए हैं। जबकि कुछ मौके पर डटे हुए हैं।
इन दिनों मंडी से कुल्लू तक कई जगहों में फोरलेन निर्माण के लिए कटिंग की जा रही है,लेकिन डयोड में हालात को देखते हुए फोरलेन कंपनी ने कटिंग बंद कर दी है। धीरे- धीरे पहाड़ी से हो रहा भूस्खलन बड़े हादसे का रूप ले सकता है। ऐसे में प्रशासन चौकन्ना हो गया है,प्रशासन ने रात के दौरान सफर न करने की सलाह दी है। मूसलाधार बारिश की वजह से वर्तमान में धीरे- धीरे हो रहा भूस्खलन एकाएक भी हो सकता है। ऐसे में प्रशासन के लिए पर्यटन सीजन के दौरान यातायात को बहाल रख पाना चुनौती बना हुआ है। बारिश की बौछार के बाद मंडी व कुल्लू में मौसम ठंडा हो गया है।
पड़ोसी राज्यों से पर्यटक वाहनों की आवक में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इस बीच भूस्खलन ने सबकी परेशानियां बढ़ा दी हैं। बता दें कि मॉनसून को लेकर प्रशासन पहले से ही चौकस है। इसके लिए कुछ दिन पहले ही बैठक कर अधिकारियों को निर्देश भी दिए जा चुके हैं। एएसपी पुनीत रघु ने बताया कि वर्तमान में वन वे ट्रैफिक चल रहा है। भूस्खलन होने की सूरत पर ट्रैफिक कटौला होकर डायवर्ट किया जा सकता है। मौके पर पंडोह चौकी से पुलिस जवान तैनात हैं। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि डयोड के समीप भूस्खलन की सूचना मिली है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पग उठाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।