एमबीएम न्यूज/बद्दी
नालागढ़ पुलिस ने लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक मौके से फरार हो गया है। मंगलवार को आरोपियों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाया और कागज के बंडल को 2 लाख बताकर व्यक्ति से 9 हजार रूपए ठग लिए। जिसके बाद तुरंत व्यक्ति ने पुलिस को सूचित किया।
एसपी रोहित मालपानी ने बताया कि नालागढ़ पुलिस को सुभाष कुमार निवासी बरेली ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह बैंक में 9 हजार रूपए जमा करवाने के लिए गया था।
बैंक के बाहर उसे 2 लोग मिले, जिन्होंने उसे कहा कि वह अपने खाते में 2 लाख रूपए जमा करवाए।
इस दौरान शातिरों ने उसे कागज के बंडल को रूमाल में लपेटकर उसे दिया और उससे 9 हजार रूपए व मोबाईल फोन ले लिया। जैसे ही पीडि़त ने रूमाल खोलकर देखा तो उसके होश उड़ गए, रूमाल में कागज के बंडल थे, जिसके बाद तुरंत उसने पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों नितेश कुमार व गुड्डू निवासी बिहार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तालाश कर रही है।