वि कुमार/मंडी
हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने अपना कुनबा बढ़ाने के लिए तीन लाख नए सदस्यों को पार्टी के साथ जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सदस्यता अभियान को लेकर मंडी में आयोजित बैठक में पहुंचे प्रदेश भाजपा के महामंत्री राम सिंह ने बताया कि 6 से 11 जुलाई तक प्रदेश भर में भाजपा का सदस्यता अभियान चलेगा। उन्होंने बताया कि इस बार 20 प्रतिशत सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य देश भर में निर्धारित किया गया है। देश में इस वक्त भाजपा के सदस्यों की संख्या 13 करोड़ है।
जबकि प्रदेश में 13 लाख लोग भाजपा के साथ जुड़े हुए हैं। मौजूदा सदस्यता अभियान में तीन लाख नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिला में 20 प्रतिशत सदस्यों को जोड़ा जाएगा और इसी तरह प्रदेश कल लक्ष्य हासिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भाजपा ने सदस्यता अभियान को सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी अभियान का नाम दिया है।
इसके तहत लोगों को पार्टी के साथ जोड़ा जाएगा। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री गुलाब सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह, महिला मोर्चा की अध्यक्षा सुमन ठाकुर और युवा मोर्चा के अध्यक्ष राकेश वालिया सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।