एमबीएम न्यूज़/ चंबा
भालका वन बीट के जंगल में लगी आग को बुझाने में स्थानीय महिलाओं ने वन विभाग के कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आग बुझाने के कार्य को अंजाम दिया। वन रक्षक धर्म चंद ठाकुर व उनकी टीम आग की सूचना मिलते ही जंगल में आग बुझाने पहुंच गई। लेकिन जंगल की आग इतनी ज्यादा भड़क चुकी थी कि वन कर्मचारियों के लिए आग को बुझा पाना मुश्किल हो रहा था। धीरे-धीरे आग डुगली व नलेड़ गांव की तरफ बढ़ रही थी। वन कर्मचारी आग को बुझाने के लिए रात भर डटे रहे।
कर्मचारियों के परिश्रम को देख गांव की महिलाएं भी आग बुझाने के लिए उनके साथ डट गई। वन रक्षक धर्म चंद ठाकुर ने बताया कि रविवार को भालका बीट के जंगल के दस हेक्टेयर भूमि में आग भड़की हुई थी। आग में झाडियां व चीड़ की पत्तियां ही राख हुई। जबकि आग को रिहायसी बस्ती में जाने से पहले की बुझा दिया गया।
इस कार्य में स्थानीय महिलाओं में लांबो देवी, बिमला, नीशू, शशि, आरती, पिंकी, खिंकरी, फार्मू, जुगनी व कमलो के साथ फायर वॉचर जर्म सिंह ने सहयोग दिया। कहा कि जंगल में आग लगाने वाले का पता नहीं चल पाया। विभाग की ओर से पुलिस थाने में जल्द ही अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। ताकि जंगल में आग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।