वी कुमार/मंडी
महिला कांस्टेबल के 35 पदों के लिए 3086 में से मात्र 1,477 युवतियां ही ग्राउंड टैस्ट पास कर पाई हैं, जबकि 1,609 युवतियां ग्राउंड टैस्ट में ही हांफ गई। ग्राउंड टैस्ट पास करने वाली युवतियों की अब लिखित परीक्षा होगी, जिसके लिए युवतियों ने मेहनत करनी शुरू कर दी है। वर्तमान में पड्डल मैदान में पुलिस भर्ती जारी है। भर्ती के पांचवे दिन 15 सौ युवाओं को ग्राउंड टैस्ट के लिए बुलाया गया। पुरूष उम्मीदवार भी ग्राउंड टैस्ट पास करने के लिए मैदान में खूब पसीना बहा रहे हैं। लेकिन युवा जंप व रेस में हांफ रहे हैं।
यह भर्ती प्रक्रिया 29 जून तक जारी रहेगी। जिसमें निर्धारित दिन अपने रोल नंबर अनुसार उम्मीवार भाग लेंगे। सुबह छह बजे से ही रोजाना भर्ती प्रक्रिया शुरू हो रही है। चिलचिलाती धूप के बीच उम्मीदवार खाकी पहनने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मैदान में सफलता न मिलने पर युवा निराश भी लौट रहे हैं और दोबारा भर्ती के लिए मेहनत करने की बात कह रहे हैं।
एसपी गुरदेव शर्मा ने बताया कि महिला कांस्टेबल के लिए ग्राउंड टैस्ट की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब युवा मैदान में परीक्षा दे रहे हैं। उन्होने कहा कि नियमानुसार भर्ती प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। बता दें कि मंडी पुलिस में 174 कांस्टेबल के पदों के लिए भर्ती हो रही है। इसके लिए इन दिनों ग्राउंड टैस्ट की प्रक्रिया चली हुई है। रोजाना सैंकड़ों युवा कांस्टेबल बनने के लिए मैदान में खूब पसीना बहा रहे हैं।