एमबीएम न्यूज/पांवटा साहिब
राजबन पुलिस ने देसी शराब की अवैध तस्करी के बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। अहम बात यह है कि सुबह 3 बजे इस तस्करी को अंजाम दिया जा रहा था। अमूमन अवैध कार्य करने वाले इस समय को काफी उपयुक्त मानते हैं। बहरहाल, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बोलेरो चांदनी से भिलाई वाया सतौन आ रही है। इसमें अवैध शराब हो सकती है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर दी। सुबह 6 बजे के आसपास बोलेरो (एचपी17बी-5967) को रोका गया। इसमें संतरा नंबर-1 ब्रांड की 100 अवैध पेटियां बरामद की गई। इसका कोई भी लाईसेंस नहीं था।
वाहन को शिलाई की ग्वाली पंचायत का रहने वाला कमलेश चला रहा था। एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने पुष्टि की है।