एमबीएम न्यूज़/केलांग
जिला मुख्यालय में ठंड के बीच समुद्र तल से 10 हजार फुट की ऊंचाई पर विश्व योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 7 बजे केलांग पुलिस ग्राउंड में सैंकडों कर्मचारियों, पुलिस, आईटीबीपी जवानों सहित गैर-सरकारी संस्थाओं के सदस्यों ने भी योगाभ्यास किया। आयुर्वेदिक विभाग की चिकित्सक डॉ. मोनिका ने योग की विभिन्न मुद्राओं बारे जानकारी दी।
इस दौरान विभिन्न आसनों के जरिए उपस्थित लोगों ने योग किया। एसडीएम केलांग अमर नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में नेगी ने कहा कि हमे योग को अपने दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। साल के 365 दिन योगाभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग से शरीर और मन दोनों स्वस्थ्य रहते हैं। योगाभ्यास से कई बीमारियां जड़ से खत्म हो जाती है। जबकि लंबी आयु के लिए भी योग मददगार साबित होती है।
जिला के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी योगाभ्यास किया गया। स्कूलों में बच्चों ने सुबह सात बजे पहुंच कर विश्व योग दिवस पर योग के विभिन्न मुद्राओं में योग किया।