वी कुमार/मंडी
पूर्व में भाजपा के केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री रहे हिमाचल भाजपा के दिग्गज नेता जगत प्रकाश नड्डा को राष्ट्रीय संगठन में कार्यकारी भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने पर हिमाचल प्रदेश भाजपा में खुशी की लहर है। इसी के चलते जहां प्रदेश भर में नड्डा की नियुक्ति पर जश्न का माहौल है। वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृह जिला भी इससे अछूता नहीं है। मंगलवार को जिला भाजपा की तरफ से शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर नड्डा की नियुक्ती का जश्न मनाया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सेरी मंच के पास नड्डा के समर्थन में नारे लगाए।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे जलाए और मिठाई बांट कर सभी के साथ अपनी खुशी को सांझा किया। जिला भाजपा के अध्यक्ष रणवीर सिंह ने इस मौके पर कहा कि जगत प्रकाश नड्डा को संगठन का लंबा अनुभव है, जिसका उदाहरण यूपी में भाजपा को लोगों का भारी समर्थन मिलना है। उन्होने कहा कि एक छोटे से पहाड़ी राज्य के नेता को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाना समस्त हिमाचल के लिए गर्व की बात है।
उन्होने उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि नड्डा के नेतृत्व में आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी को और ज्यादा मजबूती मिलेगी। वहीं भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा सुमन ठाकुर ने कहा कि नड्डा आज जिस मुकाम पर पहुंचे हैं। वह उनकी कार्यकुशलता, कर्मठता और ईमानदारी का तोहफा उन्हें केन्द्र से मिला है। इस मौके पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष मुनीष, मीडिया प्रभारी पंकज व जिला भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ महिला नेत्रियां भी मौजूद रहीं।