वी कुमार/मंडी
इटली में चल रहे किक बॉक्सिंग विश्व कप में ज़िला के 7 वर्षीय वृषांक शर्मा ने भारत के लिए मैडल जीतकर हिमाचल का नाम देश व प्रदेश में रोशन किया है। वृषांक मूलतः मंडी जिला के सरकाघाट के थोना पंचायत के बैरु गांव से संबंध रखते हैं।
वृषांक की उपलब्धि पर मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर व सांसद रामस्वरूप शर्मा ने उन्हें बधाई दी है। बताया जा रहा है कि वृषांक चंडीगढ़ में रहता है। उनके पिता चंद्र मोहन शर्मा किक बॉक्सिंग वाको इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वृषांक की उपलब्धि से मंडी जिला समेत उनके पैतृक गांव में खुशी की लहर है।
हालांकि अभी तक उनकी भारत वापसी नहीं हो पाई है। भारत वापसी पर उनके पैतृक इलाके में उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। वृषांक के पिता चंद्र मोहन शर्मा ने कहा कि बेटे ने मैडल हासिल कर अपना हुनर दिखाया है। बेटे वृषांक पर उन्हें नाज़ है।