एमबीएम न्यूज़/शिमला
वीक एंड पर शिमला घूमने पहुंचे पर्यटकों को आज यहां तब खासी परेशानी झेलनी पड़ी,जब माॅल रोड तक पहुँचाने वाली पर्यटन निगम की लिफ्ट खराब हो गई। हैरत की बात यह रही कि लिफ्ट को शुरू हुए अभी छह महीने ही हुए हैं। बीत साल नवंबर माह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 25 लोगों की क्षमता वाली नई लिफ्ट का लोकार्पण किया था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक तकनीकी खराबी आने के कारण लिफ्ट शनिवार सुबह से ही बंद कर दी गई थी। हालांकि दो पुरानी लिफ्टें चालू थीं, लेकिन इनमें मात्र आठ-आठ लोगों को ही एक समय में ले जाने की सुविधा है। उमस भरी गर्मी के बीच लिफ्ट के बाद पर्यटकों की लंबी लाइन लग गई और काफी इंतजार के बाद वे लिफ्ट तक पहुंच पाए।
शिमला में इन दिनों पर्यटन सीजन पूरे चरम पर चल रहा है। वीक एंड में तो यहां पर्यटकों का सैलाब उमड़ जाता है। ऐसे समय में लिफ्ट के अचानक खराब होने से पर्यटन निगम के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। शनिवार बाद दोपहर को लिफ्ट के ठीक कर लेने से पर्यटकों ने राहत की सांस ली।