एमबीएम न्यूज़/ हमीरपुर
उपमंडल नादौन के सीमावर्ती क्षेत्र सिहोरवाला के जरूंडी गांव की विवाहिता के गत छ: दिनों से लापता होने के बाद कोई सुराग नहीं मिल पाने के कारण परिजन काफी परेशान हैं। मझीण चौकी में दी अपनी शिकायत में रमेश कुमार ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का पालन कर रहा है। उसने बताया कि उसकी पत्नी बबीता कुमारी गत 6 जून से घर से अचानक कहीं चली गई है। उसने बताया कि वह उस दिन सुबह साढ़े सात बजे घर से दिहाड़ी के लिए चला गया था। जब शाम को सात बजे के करीब वह घर पहुंचा तो उसकी पत्नी गायब थी। इस बारे जब उसने अपने माता-पिता से पूछा तो उन्होंने बताया कि दोपहर करीब एक बजे बबीता तैयार हो कर ज्वालामुखी से सुजानपुर वाया मझीण जाने वाली बस में सवार हुई थी। उसके अगले ही दिन उसे नादौन बस अड्डा पर उसके गांव की कुछ महिलाओं ने देखा था। उसके बाद उसका कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
रमेश ने बताया कि उसकी पत्नी मानसिक तौर पर बीमार रहती है जिसका उपचार चल रहा है। उसने बताया कि उसके घर कोई बच्चा नहीं है। रमेश ने बताया कि गत आठ वर्ष पूर्व उसका विवाह बबीता से हुआ था। उसके बाद वह उसके बगैर कहीं नहीं जाती थी। यहां तक कि मायके भी नहीं जाती थी। रमेश ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उसकी पत्नी को ढूंढने में उसकी मदद करे। उसने लोगों से भी आग्रह किया है कि ऐसी किसी महिला के बारे में पुलिस को सूचना दें। इस संबंध में थाना प्रभारी ज्वालामुखी पुरूषोत्तम कुमार ने बताया कि संबंधित थाना क्षेत्रों में इस बारे सूचना दे दी गई है तथा आगामी कार्रवाई की जा रही है।
Latest
- MMC का रिजल्ट जारी, 57.14 % रहा पहले सेमेस्टर का परिणाम
- चारों लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी बसपा, प्रदेश नेतृत्व व केंद्रीय संयोजकों के बीच हुई बैठक
- वाइस एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी होंगे नौसेना प्रमुख
- DRDO ने लांच की स्वदेशी तकनीक से निर्मित क्रूज मिसाइल, सफल रहा परीक्षण
- मंडी : ब्यास नदी में पलटी शादी समारोह में जा रहे दम्पति की नाव, पति की मौत पत्नी को रेस्क्यू