एमबीएम न्यूज़/हमीरपुर
केन्द्रीय वित्त एवं कंपनी मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज अपनी कुल देवी माता अवाहदेवी के मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा मां का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्हें मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से माता की चुनरी तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मंदिर परिसर में स्थानीय जनता तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से अभिनंदन समारोह का भी आयोजन किया गया। जिसमें उन्हें भोरंज की एमएलए कमलेश कुमारी, महिला मोर्चा तथा पूर्व मंडलाध्यक्ष अनिल ठाकुर ने शॉल, टोपी भेंट कर सम्मानित किया। मंदिर परिसर में अपने संबोधन में केन्द्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि जनता ने उन्हें चौथी मर्तबा जिता कर संसद में भेजा। इसलिए वे दिल की गहराईयों से जनता को आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि 70 वर्षों में पहली बार भाजपा को 70 प्रतिशत वोट हासिल हुए हैं, जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इसका श्रेय कर्मठ कार्यकर्ताओं तथा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता को जाता है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति की बात को सुनने तथा उनकी समस्याओं के हल को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से उन्हें नई जिम्मेदारी मिली है। जिसे वह बखूबी निभाने का प्रयास करेंगे। प्रदेश तथा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
खरवाड़ में आयोजित भागवत कथा में भी अनुराग सिंह ठाकुर शामिल हुए तथा वहां पर उपस्थित जनता का उन्हें रिकॉर्ड मतों से जिताने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। इसके बाद गांव ढोह, सनेड़, तरक्वाड़ी, खरवाड़, पटटा तथा उखली में स्थानीय लोगों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अनुराग सिंह ठाकुर के केन्द्रीय राज्य मंत्री बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। तरक्वाड़ी बाजार में स्थानीय विधायक कमलेश कुमारी की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय जनता द्वारा आतिशबाजी तथा पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर गर्मजोशी से अनुराग सिंह ठाकुर का स्वागत किया गया।
तरक्वाड़ी तथा पटटा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलों का बड़ा हार पहनाकर सम्मानित किया। ऐसा लग रहा था कि संपूर्ण भोरंज क्षेत्र अनुरागमय हो गया हो। कड़ी धूप से बेपरवाह लोग जगह-जगह सडक़ के किनारे अपने लोकप्रिय नेता की एक झलक पाने को बेताब दिखेे। उखली में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर अनुराग सिंह ठाकुर का लोगों व कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी के साथ स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओंं ने उनके साथ डांस कर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर जिला भाजपा महासचिव राकेश ठाकुर, स्थानीय पंचायत प्रधान संजीव कुमार, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष देश राज शर्मा, भोरंज के पूर्व एमएलए डॉ अनिल धीमान, पूर्व मंडलाध्यक्ष अनिल ठाकुर, मंडल महासचिव अशोक कुमार, विपिन कुमार के अतिरिक्त काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, बुजुर्ग, महिलाएं, पुरुष तथा बच्चे भी उपस्थित रहे।