एमबीएम न्यूज़/बिलासपुर
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर ब्रह्मा के पास मंडी की ओर से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाईडर से जा टकराई। हादसे में कार सवार चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर मौके का मुआयना किया है। जबकि मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब राज्य की कार (पीबी3एच-7577) मंडी की तरफ से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। जैसे ही कार बरमाना थाना के नजदीक पहुंची तो अचानक ही चालक कार पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का इंजन भरभरा कर सड़क पर जा गिरा। जबकि कार के शीशे व दरवाजे भी टूट कर नीचे बिखर गए।
जोरदार धमाके की आवाज के साथ ही स्थानीय लोग भी वहां पर एकत्रित हो गए। जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू हुआ। कुछ समय बाद बरमाणा थाना से पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। एक-एक करके घायलों को कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। लेकिन घायलों की स्थिति भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने घायलों से पूछताछ कर मामला दर्ज कर लिया है।
हादसे में कार सवार प्रेमलाल (23) पुत्र प्यारेलाल नम्होल बिलासपुर, कृष्ण लाल (33) पुत्र चमन लाल सरहंद पंजाब, अजय राणा (34) पुत्र लाल सिंह गांव व नम्होल, सूरज (36) पुत्र बलबीर सिंह गांव कोठीपुरा बिलासपुर को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया है। सभी घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अशोक कुमार ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।