एमबीएम न्यूज/नाहन
सोमवार शाम रामाधौण मार्ग पर जंगल में लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। अंतिम समाचार तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। प्रथम दृष्टया में मरने वाले की उम्र 35 साल के आसपास प्रतीत हो रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र ठाकुर ने भी घटनास्थल का दौरा किया है। चूंकि मरने वाले व्यक्ति के मुंह को संभवतः जानवरों ने बुरी तरह से नोचा हुआ है, लिहाजा पहचान नहीं हो पाई है।
शव के पांव भी बुरी तरह से क्षत-विक्षत हालत में हैं। मृतक ने ग्रे कलर की पेंट के अलावा चैकदार शर्ट पहनी हुई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र ठाकुर का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उनके मुताबिक ऐसा भी प्रतीत हो रहा है कि व्यक्ति की मौत करीब एक महीने पहले हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।