एमबीएम न्यूज़/शिमला
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी व एसआईडीसी के पूर्व उपाध्यक्ष अतुल शर्मा की कांग्रेस पार्टी में घर वापसी हो गई है। साल 2017 में विधानसभा चुनाव से पहले अतुल शर्मा को प्रदेश कांग्रेस ने निष्कासित कर दिया था। बीते दिनों कांग्रेस ने पार्टी से बाहर चल रहे तीन दर्जन नेताओं को वापस लेने का निर्णय लिया था। अतुल शर्मा ठियोग विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं।
शुक्रवार को अतुल शर्मा के नेतृत्व में ठियोग का एक प्रतिनिधिमंडल पार्टी कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से मिला। अतुल शर्मा ने कांग्रेस पार्टी में अपनी बहाली के लिये अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के मान सम्मान के लिए वह पहले भी तन मन से साथ थे ओर आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि अब वो नए जोश से फील्ड में उतरेगे।
इस अवसर कुलदीप राठौर ने कहा कि पार्टी को एकजुट करना और रूठे हुए को वापिस पार्टी में लाना एक चुनौती थी पर इस मे वह सफल हुए है। उन्होंने कहा कि जिन भी लोगों ने पार्टी में पुनः आने के लिये आवेदन किया था उन सब को वापिस पार्टी में शामिल कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी प्रदेश व देश मे लोकसभा चुनाव होने जा रहे है। कांग्रेस के लिये चुनाव एक बड़ी चुनौती है तथा इस चुनोती से एक जुट हो कर निपटना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले चुनावों में देश के लोगों को गुमराह कर सत्ता हासिल की थी। अब देश के लोग मोदी और भाजपा को समझ चुके है। कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए हमे अभी से फील्ड में उतरना है।