एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस महिला सेवादल दस दिन के अंदर अपनी जिला व ब्लॉक इकाइयों की कार्यकारिणियों का गठन करेगा। कार्यकारणी में सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। प्रदेश महिला संगठक ज्योति खन्ना ने मंगलवार को शिमला में आयोजित महिला सेवादल की बैठक में यह जानकारी दी।
ज्योति खन्ना ने कहा कि मोदी सरकार अपना राजनीतिक हित साधने के लिए देश की एकता व अखण्डता को बर्बाद करने में लगी है। आज देश का किसान आत्महत्या करने पर मजबूर है और देश की सरकार चंद उद्योगपतियों को लाभ पंहुचाने में वयस्त है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस महिला सेवादल मोदी सरकार की नीतियों को जनता के बीच बेनकाब करेगा।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली में कांग्रेस सेवादल की कांगड़ा के शाहपुर में सात मार्च को होने वाली रैली में महिला कार्यकर्ताओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के आदेश पदाधिकारियों को दिये।
बैठक में आगामी लोक सभा चुनावों में कांग्रेस सेवादल की महिला सदस्यों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई और चुनाव प्रचार के लिए आवश्यक टिप्स दिये गये। कांग्रेस सेवादल की महिला सदस्य कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में गांव स्तर पर चुनाव प्रचार करेगी और केन्द्र की मोदी सरकार की जन विरोधी कारगुजारियों का पर्दाफाश करेगी।