एमबीएम न्यूज़/ऊना
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस विधायक दल ने प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्हें राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी का महासचिव बनाने के फैसले का स्वागत करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार जताया है। वही नई जिम्मेदारी के लिए प्रियंका गांधी को बधाई दी है।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंह, कांग्रेस विधायक दल व नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक दल के सदस्य आशा कुमारी, सुजान सिंह पठानिया, राम लाल ठाकुर, सुंदर सिंह ठाकुर, सुखविंद्र सुक्खू, धनी राम शांडिल, हर्षवर्धन चौहान, विक्रमादित्य सिंह, जगत सिंह नेगी, नंद लाल, राजिंद्र राणा, मोहन लाल बरागटा, विनय कुमार, इंद्र दत्त लखनपाल, आशीष बुटेल, पवन काजल, सतपाल रायजादा, लखबिदर सिंह राणा व अनिरुद्ध सिंह ने बुधवार को ऊना में जारी एक संयुक्त बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के राष्ट्रीय राजनीति में आने से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और मजबूत होंगे और पूरे देश में इसका लाभ मिलेगा। वहीं उत्तर प्रदेश में भी पार्टी को मजबूत करने में यह निर्णय सहायक होगा। कांग्रेस विधायक दल ने कहा कि प्रियंका गांधी को हर संभव सहयोग हिमाचल से दिया जाएगा, पार्टी के हर आदेश का पालन होगा। लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी सत्ता में लौटे इसके लिए हर स्तर पर सक्रियता के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री से भाजपा को जोरदार करंट लगा है।
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी की दूरदर्शी सोच का लाभ कांग्रेस को मिलेगा। नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रियंका गांधी का हिमाचल के साथ गहरा नाता है, प्रदेश में उनका निवास स्थान है। ऐसे में हिमाचल की देवभूमि के साथ प्रियंका गांधी का दिल से रिश्ता है, जिसका लाभ प्रदेश में भी कांग्रेस पार्टी को मिलेगा। प्रदेश की 4 लोकसभा सीटों पर प्रियंका गांधी की नियुक्ति का असर पड़ेगा।
नेता विपक्ष में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश में मोदी सरकार ने जिस प्रकार से अराजकता का माहौल बनाया है। उससे आम जनता दुखी है। उन्होंने कहा कि इसी का नतीजा है कि गत 5 विधानसभा चुनावों में भाजपा को करारी हार देखनी पड़ी है। अब 2019 लोकसभा चुनावों में मोदी सरकार की विदाई जनता तय कर देगी।