वी कुमार/मंडी
उपमण्डल की गोपालपुर पंचायत मुख्यालय पर एक दो कमरों के दो मंजिला मकान के जल कर राख हो जाने का समाचार है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लीला देवी पत्नी धर्मपाल अपने दो कमरों के दो मंजिला मकान में रहती थी। दिन के करीब तीन बजे आसपास के लोगों ने उसके घर के ऊपर से धुआं और आग की लपटें निकलती हुई देखी और शोर मचाया। लीला देवी अपने मकान में अकेली रहती थी। घर को ताला लगाकर कहीं अपने निज़ी काम से चली गई थी। जब आग लगने के बाद प्रचंड हो गई तो लोगों ने घर का ताला तोड़कर अंदर जाने का प्रयास किया, लेकिन आग का वेग इतना भयंकर था कि वे निकट नही जा सके।
बीच में घटनास्थल पर पहुंचे उपप्रधान देशराज शर्मा ने सरकाघाट फायर ब्रिगेड और पुलिस तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायरब्रिगेड की गाड़ी और पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर नियंत्रण करने का प्रयास किया, लेकिन लीला देवी का मकान और अंदर रखे सोने के गहने, कपड़ों और अन्य कीमती सामान को भी नही बचाया जा सका। फायर ब्रिगेड और पुलिस के जवानों ने आसपास की घनी आबादी में जलते हुए घर के साथ लगते मकानों को बचाने में कामयाब हो गए।
इसी बीच राजस्व विभाग के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पँहुच गए और आगजनी से हुए नुकसान का आकलन करने में लग गए। पुलिस के अनुसार मकान की मालकिन लीला देवी ने बताया कि उसे करीब 6 लाख रुपए की क्षति हुई है। तहसीलदार हुसन चन्द चौधरी ने आगजनी की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रभावित परिवार को दस हजार रुपये की तत्काल राहत दे दी गई है। उसके बाद नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।