एमबीएम न्यूज़/शिमला
आर एण्ड पी रूल्स बनाने की मांग को लेकर जूनियर आफिस असिस्टेंट संघ 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले समारोहों में मंत्रियों को ज्ञापन सौंपेगा। ज्ञापन में JOA के भर्ती एवम पदोन्नति नियम बनाने का सरकार से आग्रह किया जाएगा। संघ का कहना है कि भर्ती एवम पदोन्नति नियम स्पस्ट न होने की वजह से सरकारी नौकरी मिलने के बावजूद उनका भविष्य अंधकारमय है।
जूनियर आफिस असिस्टेंट (आईटी) कर्मियों ने रविवार को शिमला में JOA संघ की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया। इस दौरान खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में कार्यरत वेद प्रकाश को सर्वसम्मति से संघ का अध्यक्ष चुना गया। इसी तरह दलजीत सिंह को महासचिव, बिनोद, रविन्द्र, रजिंदर व अमन को उपाध्यक्ष, संजय, अरुण, बलबीर व कार्तिक को सचिव चुना गया।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश ने कहा कि JOA के आर एण्डपी रूल्स बदले बिना सरकार धड़ल्ले से JOA की भर्तियां निकाल कर बेरोजगारों की गुमराह कर रही है। सरकार की तरफ से JOA के आर एण्डपी रूल्स स्पष्ट नहीं किये गए हैं। इस कारण विभिन्न विभागों में सेवारत 4 हज़ार से अधिक JOA (IT) कर्मियों का भविष्य अंधकारमय है। इसलिए संघ अपने अधिकार लेने के लिए संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में कार्यरत JOA कर्मी 26 जनवरी को हर जिले में आयोजित होने वाले समारोह में मंत्रियों को इस बाबत ज्ञापन सौंपेंगे।