दिनेश कुंडलस/नाहन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू की छुट्टी से जिला सिरमौर कांग्रेस अध्यक्ष अजय सोलंकी को तगड़ा झटका लगा है। सोलंकी सिरमौर जिला से सुखविंद्र सिंह के खासमखास सिपहसलार माने जाते है। दोनों के एचपीयू में एनएसयूआई के दौर से जबरदस्त केमिस्ट्री है। एनएसयूआई के बाद सोलंकी को युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद पर भी सुक्खू के नेतृत्व में काम करने का मौका मिला। वह शिमला से सीधे जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बन कर आए। हालांकि बाद में उन्होंने अपने रसूख व् सबको साथ लेकर चलने की खूबी से खुद को युवाओं में स्थापित कर लिया।
सुक्खू ने प्रदेशाध्यक्ष बनते ही जिला सिरमौर में कई वरिष्ठ कांग्रेसियों को दरकिनार कर जिला सिरमौर कांग्रेस अध्यक्ष पद पर अजय सोलंकी की ताजपोशी की थी। हालांकि सोलंकी की नियुक्ति से कई वरिष्ठ कांग्रेसी अंदरखाते खुश नहीं थे। क्योंकि अजय सोलंकी युवा कांग्रेस के पद से सीधे जिला कांग्रेस के पद पर काबिज़ होने में सफल रहे थे। शुरू-शुरू में अजय सोलंकी को यह जिम्मेदारी सँभालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। धीरे-धीरे उन्होंने सबको साथ लेकर चलने व गुटबाज़ी पर लगाम लगाने की कला से स्वयं को सफल कांग्रेस अध्यक्ष साबित किया। जिसकी परिणीति स्वरूप बाद में वह नाहन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस का टिकट लेने में कामयाब हुए।
चुनाव में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा। नाहन से भाजपा के हैवी वेट कंडीडेट के खिलाफ उन्होंने एक योद्धा की तरह अच्छा मुकाबला लड़ा। चुनाव में उन्हें हालांकि उन्हें हार का मुँह देखना पड़ा, मगर उन्हें नाहन से कांग्रेस का स्थापित नेता मान लिया गया। विधानसभा चुनाव में टिकट दिलवाने में भी सुखू ने उनका पक्ष आला कमान के सामने जबरदस्त तरीके से उठाया। कुश परमार को दरकिनार कर पार्टी ने उन्हें टिकट थमाया।
मगर अब सुक्खू के कांग्रेस अध्यक्ष न रहने से उनकी दुश्वारियां बढ़ गई है। अब संगठन के साथ-साथ आला कमान के पास उनका पक्ष उठाने वाला कोई नहीं रहा है। उन्हें लॉबिंग करने में भी महारत नहीं है। इसके चलते आने वाला उनका राजनीतिक सफर कांटों भरा है। देखना है कि अब आगे की मुश्किलों से वो कैसे पार पाते है।
Latest
- डेढ़ साल बाद गंगूराम मुसाफिर की दलबल के साथ कांग्रेस में वापसी
- किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर वॉल्वो बस-ट्रक की जोरदार टक्कर, आधा दर्जन से अधिक घायल
- #Chamba : खाई में गिरी कार, उपप्रधान समेत दो की मौत, एक गंभीर घायल
- MMC का रिजल्ट जारी, 57.14 % रहा पहले सेमेस्टर का परिणाम
- चारों लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी बसपा, प्रदेश नेतृत्व व केंद्रीय संयोजकों के बीच हुई बैठक