एमबीएम न्यूज़/शिमला
रामपुर तहसील के तकलेच में एक कार के गहरी खाई में लुढ़कने से पिता-पुत्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दो अन्य जख्मी हैं। हादसा आज देर शाम चौकी नाला के नजदीक हुआ। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कार लगभग 300 मीटर गहरी खाई में लुढ़की। हादसे की जानकारी मिलने पर रामपुर के डीएसपी अभिमन्यु वर्मा के नेतृत्व में पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया।
मृतकों में चन्द्र सेन (45) और उनकी पुत्री रीमा शामिल है। ये दोफड़ा गांव के रहने वाले थे। इसी गांव का मनोज और उची गांव का तिलक राज गंभीर रूप से जख्मी हैं। इन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल रामपुर लाया गया है। डीएसपी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।