नाहन (एमबीएम न्यूज़) : राजगढ़ के तहत सोलन से पुलबाहल जा रही एक निजी बस की नेरीपुल में ब्रेक फेल हो जाने से वह सडक़ में ही पलट गई। जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जबकि आधा दर्जन से अधिक अन्य लोगों को मामूली चोटें आई।
थाना प्रभारी दौलत राम ने बताया कि बस नंबर एचपी 64-7497 जो कि सोलन से पुलबाहल जा रही थी। प्रात: करीब 10 बजे नेरीपुल के आसपास बस चढ़ाई में गियर बदलते ही आगे जाने के बजाए पीछे की और चल पड़ी। ब्रेक फेल होने के चलते वह काफी दूर तक रूक नहीं पाई। ड्राइवर ने समझदारी व साहस का परिचय देते हुए बस को पहाड़ की तरफ मोड़ दिया जिस कारण यह सडक़ में ही पलट गई।
यदि बस खाई में गिरती तो ज्यादा नुक्सान हो सकता था। बस में एक दर्जन के करीब लोग सवार थे। जिसमें मेला शकेन गांव निवासी राम सिंह उसकी पत्नी विद्या देवी, बगड़ बनोटी निवासी रेवती देवी व गहनोग निवासी रोशनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए पहले बलग में तथा उसके बाद ठियोग (शिमला) अस्पताल रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि सबकी हालत खतरे से बाहर है। अन्य लोगों को मामूली चोटें आई है जो मौके से सीधे अपने घरों को निकल गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।