अमरप्रीत सिंह/सोलन
पुलिस ने एक उदघोषित अपराधी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। सोलन पुलिस थाना में दर्ज 2007, 2008 में एक धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें आरोपी को पकड़कर पुलिस ने अदालत में पेश किया था। मगर अदालत के आदेशों की पालना ना करने के चलते उसे अदालत से भगौड़ा घोषित किया गया था। सोलन पुलिस के पीओ को उसकी तलाश थी। पुलिस को सूचना मिली कि व्यक्ति पंजाब मे भेष बदलकर रह रहा है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आज अदालत में पेश किया।
एसपी मधुसूदन शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि एक व्यक्ति द्वारा एक महिला से शादी करके उसके गहने लेकर धोखाधड़ी करने व एफसीआई का इंस्पेक्टर बनकर 2 लोगों को नौकरी का झांसा देने ठगी करने के मामले में एक आरोपी को अदालत द्वारा भगौड़ा घोषित किया गया था। उसे पंजाब के जालंधर से सोलन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गौरतलब है यह व्यक्ति जालंधर के एक साईं मंदिर में बाबा बन कर रह रहा था। इसने अपना नाम भी बदल रखा था। आरोपी अर्जुन सिंह अश्वनी अदालत द्वारा भगौड़ा घोषित किया गया था। सोलन पुलिस के पीओ सेल की टीम को आरोपी को गिरफ़्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।