एमबीएम न्यूज़/शिमला
रोहडू थाना अंतर्गत काँसाकोटी के कनेवरा गांव में विवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मायके पक्ष ने मृतका के पति और सास के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस केस दर्ज कर तफ्तीश में जुट गई है। मृतका सपना (24) की शादी चार साल पहले हुई थी। उसकी तीन साल की एक बेटी है। उसका मायका ठियोग के देहा इलाके में है। सोमवार बाद दोपहर महिला अपने ससुराल में फंदे पे झूल गई। इससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को फंदे से उतार और जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति चमन लाल और सास सुंदरी देवी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। मृतका के पिता ने इन दोनों पर उसकी बेटी को पडताडित करने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी रोहडू ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। एफआईआर में मृतका के पति और सास को नामजद किया गया है। दोनों से पूछताछ चल रही है।