एमबीएम न्यूज़/नाहन
स्टेपको संस्था द्वारा चौगान मैदान में सात दिवसीय सिरमौर उत्सव-2018 का आगाज़ जोरों-शोरों से हो चुका है। 4 दिन तक सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में श्रोताओं ने जमकर उत्साह दिखाया। उपायुक्त ललित जैन व उनकी पत्नी साक्षी जैन भी प्रथम संध्या के साक्षी बने। उपायुक्त ने दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव का आगाज किया।
इस मौके पर वरिष्ठ एडवोकेट सुशील कुमार अत्री व स्टेपको संस्था के महासचिव वसीम खान ने आयोजन के साथ-साथ संस्था के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था की शुरुआत 1998 में की गई थी। लेकिन कुछ समय तक संस्था का संचालन कई कारणों से नहीं हो सका, लेकिन 2015 में रंजीत सिंह तोमर द्वारा इस संस्था को पुनर्जीवित किया गया। बेहाल उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या के प्रथम सत्र में नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। उभरते कलाकार मनीष के एकल गायन की प्रस्तुति से पूरा पंडाल रोमांचित हो उठा।
प्रतियोगिता में स्टेपको सोसायटी की उपाध्यक्ष फरजाना सैयद के इलावा दिनेश व अंबिका ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। इस मौके पर उपायुक्त ने प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा संस्था का पूरा सहयोग किया जाएगा। इस मौके पर डीसी ललित जैन ने स्टेपको के सदस्यों के लिए टी-शर्ट भी लांच की। आखिर में रबीश ने उपायुक्त का प्रोत्साहन करने पर धन्यवाद प्रकट किया।