सोलन (एमबीएम न्यूज) : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज सोलन जिले के अर्की विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दिग्गल में 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय डिग्री महाविद्यालय की आधारशिला रखी। उन्होंने महाविद्यालय का निर्माण कार्य आरम्भ करने के लिए लोक निर्माण विभाग को 2.75 करोड़ रुपये की प्रथम किश्त भी जारी की।
वीरभद्र सिंह ने दिग्गल में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस, शिक्षा के क्षेत्र में एक क्रांति लेकर आई है और विगत अढ़ाई वर्षों के कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में 21 कालेज खोले गए हैं और अब प्रदेश में महाविद्यालयों की कुल संख्या 91 हो गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने हमेशा कालेज खोलने के निर्णयों की आलोचना की है, लेकिन विपक्ष को यह समझना चाहिए कि प्रदेश के सुदूरवर्ती और दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर एवं उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान खोलने का मुख्य उद्देश्य लड़कियों की शिक्षण आवश्यकताओं को पूरा करना है, क्योंकि दुर्गम क्षेत्रों में वे शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूरवर्ती क्षेत्रों में नहीं जा पाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के सर्वांगीण विकास में विश्वास रखती है और कोई भी प्रदेश को क्षेत्र अथवा धर्म के नाम पर बांट नहीं सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा, जो पहले जनसंघ के तौर पर जानी जाती थी, ने हिमाचल को राज्य का दर्जा देने का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्तासीन रही कांग्रेस सरकारों ने प्रदेश के लोगों के कल्याण के लिए कार्य किया और प्रदेशवासियों का सामाजिक-आर्थिक विकास सुनिश्चित बनाया।
स्थानीय विधायक गोविन्द राम की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एक अच्छे इन्सान हैं, लेकिन गलत खेमे में हैं। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एक व्यक्ति, जिसका पंजाब में कारोबार हो वह अपने राजनीतिक स्वार्थों को छोड़कर इस पहाड़ी प्रदेश के लोगों की समस्याओं के बारे में क्या सोचेगा।
वीरभद्र सिंह ने दिग्गल में विश्राम गृह के निर्माण का आश्वासन दिया। उन्होंने अन्य मांगों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने दिग्गल में लम्बे समय से चली आ रही कालेज की मांग को पूरा करने के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को उपयुक्त मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के विकास में वीरभद्र सिंह के महत्वपूर्ण योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने जनता से किए अपने वायदों को हमेशा पूरा किया है।