शिमला (एमबीएम न्यूज): मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मौजूदा परिपेक्ष्य में सूचना प्रौद्योगिकी का पूर्ण उपयोग कर लोगों को सभी मूलभूत सेवाएं उपलब्ध करवाने पर बल दिया है। वीरभद्र सिंह ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के अंतर्गत ‘सरकार से नागरिक’ (जी 2 सी) ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा, स्थायी आधार पंजीकरण केंद्र और डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा सदस्यों के लिए डिजिटल लॉकर्स के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे।
ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने डिजिटल इंडिया सप्ताह का शुभारंभ किया है। यह डिजिटल इंडिया कार्यक्रम इससे जुड़ा है। सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग से प्रदेशवासियों को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए इस कार्यक्रम की पहल की गई है। उन्होंने इसका श्रेय पूर्व यूपीए सरकार को देते हुए कहा कि यूपीए की महत्वकांक्षी राष्ट्रीय फाईबर आप्टिकल परियोजना से ही यह संभव हो पाया है। इस परियोजना से ग्राम पंचायत स्तर तक हाई स्पीड इंटरनेट सुविधा उपलब्ध हुई है।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि सरकारी सेवाओं में सूचना प्रौद्योगिकी के बेहतर कार्यान्वयन में हिमाचल प्रदेश अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर सेवाएं प्रदान करते हुए ई-सुशासन के माध्यम से पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित बनाने के लिए प्रयासरत है। इसके लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती तकनीकी के दृष्टिगत आज अद्यतन रहने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक 1800 सरकारी कार्यालय हिमस्वान नेटवर्क के तहत जोड़े जा चुके हैं। राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में लगभग 2000 सार्वजनिक सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि वर्तमान में राज्य के 18 साल की आयु से ऊपर के 96 प्रतिशत नागरिकों को आधार योजना के तहत लाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सभी मीडिया कर्मियों और विभागों द्वारा जबाव शीघ्र ऑनलाईन दिया जाएगा, जिससे कागज व अन्य सामग्री की बचत होगी।
सूचना प्रौद्योगिक विभाग के निदेशक प्रियंका बसु ने मुख्यमंत्री व अन्यों का स्वागत किया। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री व विधानसभा के अध्यक्ष को सम्मानित किया। उन्होंने ई-डिस्ट्रिक्ट मिशन के अंतर्गत दी जाने वाली सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल कार्यक्रम के अंतर्गत 11 विभागों की 51 सेवाएं आएगी। विशेष सचिव सूचना प्रौद्योगिकी नंदिता गुप्ता ने धन्यवाद प्रस्तुत किया।