एमबीएम न्यूज़ / शिमला
कांग्रेस सेवादल अब नए रूप में दिखेगा। संगठन की कार्यशैली में व्यापक स्तर पर बदलाव होगा। सेवादल में अब सैल्यूट और पैर छूने के कल्चर पर पूरी तरह विराम लगाया जाएगा। कांग्रेस पार्टी के इस अग्रनी संगठन को पूर्णतः स्वायत व स्वतंत्र बनाया जाएगा। 9 अगस्त को कांग्रेस सेवादल सभी राज्यों की राजधानी में तिरंगे के साथ फ्लैग मार्च करेंगे।
इसके अलावा 31 अक्तूबर को इंदिरा गांधी की पूण्य तिथि पर देश भर में रक्त दान शिविर लगाए जाएंगे। अगस्त माह में कांग्रेस सेवादल की युवा ब्रिगेड गठित होगी, जिसकी यूनिफार्म जींस पैंट होगी। शिमला पहुंचे राष्ट्रीय मुख्य संगठक लाल जी देसाई ने आज शिमला में प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सेवादल राष्ट्रनिर्माण व राष्ट्रसेवा के लिए काम करने वाला संगठन है और अगस्त माह में सेवादल पहली बार युवा ब्रिगेड गठित करेगा। सफेद टी-शर्ट, नीली जीन तथा पी-कैप की यूनिफार्म में युवा ब्रिग्रेड नजर आएगी।
उन्होंने कहा कि सेवादल अब पुरानी भूमिका में वापिस लौटेगा और सिफारिशों पर सेवादल में पद नहीं दिए जाएंगे। काम के आधार पर संगठन में नियुक्तियां होंगीं। उन्होंने कहा कि हिमाचल सेवादल अच्छे तरीके से काम तो कर रहा है, लेकिन यहां भी काफी सुधार की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सेवादल झंडा सत्याग्रह शुरू करेगा। इसके तहत 9 अगस्त को सभी राज्यों की राजधानी में तिरंगे के साथ फ्लैग मार्च किया जाएगा। कहा कि सेवादल हर माह के अंतिम रविवार को देश के 1000 बड़े शहरों में सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा लहराएंगे। इसका मकसद लोगों को संगठन से जोड़ना है। उन्होंने आरएसएस को नसीहत दी कि उन्हें अपनी शाखाओं व समारोहों में भगवे की जगह तिरंगे को लहराना चाहिए।
लाल जी देसाई ने आरोप जड़ा कि आरएसएस अपने आप को सामाजिक संगठन बताकर समाज को गुमराह करने कर रहा है। असलीयत यह है कि आरएसएस पूरे देश में भाजपा को कंट्रोल कर रही है। मोदी सरकार में आरएसएस से ताल्लुक रखने वालों को संवैधानिक पदों पर बिठाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गुजरात का विकास मॉडल पूरी तरह फेल हो चुका है। अब यह लैंड गेन मॉडल बन गया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सेवादल कोटे के तहत कांग्रेस की टिकट नहीं मांगेगी, लेकिन सेवादल से ताल्लुक रखने वाला मजबूत प्रत्याशी चुनाव लड़ सकता है और इसके लिए वह खुद पार्टी हाईकमान से पैरवी करेंगे।