वी कुमार/मंडी
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त प्रभारी रजनी पाटिल ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुरू मानते हुए पार्टी की मार्किटिंग के लिए प्रैक्टिस करने की सलाह दी है। यह सलाह उन्होंने मंगलवार को मंडी में आयोजित हुए कांग्रेस पार्टी के सम्मेलन को संबोधित करते हुए दी। प्रभारी बनने के बाद रजनी पाटिल का यह पहला मंडी दौरा था।
रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता काम करता है। लेकिन बताता नहीं है, जबकि आजकल सोशल मीडिया का जमाना है और हर चीज बताकर करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम जंगल में मोर नाचा, किसने देखा जैसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सोशल मीडिया पर जमकर अपनी मार्किटिंग करती है। उन्होंने कहा कि इस विषय में मोदी जी को गुरू मान कर हमें भी इस तरफ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व के चुनावों में जो होना था हो चुका है। अब आगामी चुनावों के बारे में सोचना है और प्रदेश की चारों सीटों पर कांग्रेस पार्टी का परचम लहराना है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसमें नए और कर्मठ लोगों को पदाधिकारी बनने का मौका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई बूथ स्तर पर पदाधिकारी बनना चाहता है तो वा पार्टी हाईकमान से सीधा संपर्क कर सकता है। उसे अहम जिम्मेदारी दी जाएगी।
वहीं इस सम्मेलन की शुरूआत से पहले एक बार फिर कांग्रेस की आपसी कलह देखने को मिली। कुछ युवा कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा के पक्ष में नारेबाजी करने लगे। यह नारेबाजी इसलिए की जा रही थी ताकि दीपक शर्मा को लोकसभा चुनावों के लिए मजबूत चेहरे के रूप में पेश किया जा सके। वहीं कुछ युवाओं ने कौल सिंह ठाकुर के पक्ष में नारेबाज़ी शुरू कर दी। उन्होंने नारों में कौल सिंह ठाकुर को प्रदेश का अगला पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग उठाई। इन समर्थकों को मंच पर बैठे नेता काफी समझाने का प्रयास करते रहे।
सुक्खू ने कई बार मंच से इशारे किए और उठकर इन्हें शांत करवाने का प्रयासकिया लेकिन समर्थक नहीं माने। कुछ समय बाद सब कुछ शांत हो गया और कार्यक्रम शुरू हुआ। जब प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदरसिंह सुक्खू के संबोधन की बारी आई तो उन्होंने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब वो भी युवा थे तो नेता उनके कान में भी नारेबाजी करने की फूंक मार देते थे।
अब समय बदल चुका है और आज की राजनीति बड़ी तेजी से बदलाव की तरफ बढ़ रही है। समारोह के दौरान प्रदेश के सह प्रभारी गुरकिरत सिंह, कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व स्वास्थ्यमंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व सीपीएस मनसा राम और सोहन लाल ठाकुर सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।