एमबीएम न्यूज़ / सोलन
परिवहन, वन तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने कहा कि खेल व्यक्ति के संपूर्ण विकास में सहायक है तथा प्रदेश सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा हिमाचल की प्रतिभाओं को तराश कर उचित मंच प्रदान करने लिए नवीन प्रयास कर रही है। गोबिंद सिंह ठाकुर गत सांय यहां पुलिस लाईन्स सोलन में ‘ग्रेट खली’ दिलीप सिंह राणा द्वारा आयोजित की गई डब्ल्यू डब्ल्यू एफ फाईट प्रतियोगिता के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे।
गोबिंद सिंह ठाकुर ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं को करवाने का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को नशे से दूर करना तथा उभरती खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है। प्रदेश की पहली रेसलिंग अकादमी शिमला लोकसभा क्षेत्र में खोली जाएगी। इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा द ग्रेट खली की हर संभव मदद की जाएगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार राज्य में हर माह विभिन्न खेल गतिविधियों को आयोजित करने पर विचार कर रही है। सरकार का प्रयास है कि सितंबर 2018 में ‘खेलो हिमाचल’ नामक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाए। इसी प्रकार विभिन्न महीनों में मौसम के अनुसार खेल आयोजित किए जाएं।प्रदेश सरकार यह प्रयास कर रही है, कि खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में वर्षभर विभिन्न आयोजन करवाएं जाएं। खेलों को प्रोत्साहित करने तथा हिमाचल की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं, जो विभिन्न खेलों में हिमाचली युवाओं को देश व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाडि़यों के साथ प्रतियोगिता करने का अवसर प्रदान करें।
गोबिंद सिंह ठाकुर ने कहा कि सभी प्रदेशवासियों को हिमाचली सुपुत्र ‘ग्रेट खली’ के नाम से मशहूर दिलीप सिंह राणा के ऊपर नाज है। इसका श्रेय ग्रेट खली के माता-पिता को जाता है। उन्होंने इस अवसर पर ग्रेट खली के पिता डोले राम राणा को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित भी किया।‘ग्रेट खली’ के नाम से मशहूर दिलीप सिंह राणा ने इस आयोजन को करवाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा खेल मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की खेल गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना है।
सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप, वन, परिवहन तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री की धर्मपत्नी रजनी ठाकुर, राज्य खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोतम गुलेरिया, दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, सोलन से विधानसभा चुनावों में भाजपा के उम्मीदवार रहे डॉ. राजेश कश्यप, बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, जिला परिषद सदस्य शीला, नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, उपाध्यक्ष मीरा आनंद, कार्यकारी उपायुक्त विवेक चंदेल, पुलिस अधीक्षक सोलन मधुसूदन शर्मा, उपमंडलाधिकारी रोहित राठौर, भाजपा एवं भाजयुमो के विभिन्न पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
Latest
- सोलन : मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, लाखों के आभूषण व नकदी बरामद
- गृह क्षेत्र पहुंचने पर कंगना रनौत ने किया रोड शो, बोली चुनाव में विकास ही मुख्य मुद्दा
- होमगार्ड जवानों को 5 माह से नहीं मिला वेतन, घर जाने को नहीं पैसे कैसे करेंगे चुनाव में ड्यूटी
- बिलासपुर : मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने की लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा
- ठियोग पुलिस के हत्थे चढ़े हरियाणा के दो तस्कर, पांच लाख की हेरोइन बरामद