वी कुमार /मंडी
सीएम जयराम ठाकुर का दावा है कि इस बार के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को प्रदेश में एक भी सीट हासिल नहीं होगी। कांग्रेस को इन चुनावों में शून्य मिलेगा। यह बात उन्होंने मंडी जिला के करसोग दौरे के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा के चुनावों में मंडी जिला पूरी तरह से कांग्रेस मुक्त हो गया है। यहां एक भी सीट कांग्रेस जीत नहीं सकी। कांग्रेस को जनता ने करारा जबाब दिया। उन्होंने कहा कि अब इसी तरह प्रदेश भी लोकसभा चुनावों में पूरी तरह से कांग्रेस मुक्त हो जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि 2014 के चुनावों में भी कांग्रेस एक भी सीट जीत नहीं पाई थी।
इन चुनावों में भी कांग्रेस कोई सीट नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा कि चार वर्षों के कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने स्वच्छ और पारदर्शी शासन दिया है। किसी भी सांसद या मंत्री के दामन पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं जबकि कांग्रेस के नेताओं में भ्रष्टाचार करने की होड़ लगी रहती थी। वहीं जयराम ठाकुर ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर द्वारा सरकार पर लगाए गए आरोपों का भी खुले मंच से जबाव दिया। उन्होंने कहा कि कौल सिंह ठाकुर सरकार के द्वारा किए जा रहे कार्यों को अपनी सरकार की उपलब्धियां बता रहे हैं। जबकि उन्हें अब तसल्ली से बैठ जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कौल सिंह ठाकुर रात भर विकास कार्यों के सपने देखते थे और उन्हें देखते-देखते सुबह हो जाती थी और काम हो नहीं पाते थे। जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी सरकार जमीनी स्तर पर विकास करवा रही है। इससे पहले सीएम जयराम ठाकुर ने करसोग में 1 करोड़ 35 लाख की लागत से बने लोक निर्माण विभाग के मंडल कार्यालय भवन और 67 लाख से बने डिग्री कालेज के अतिरिक्त भवन व फायर सब स्टेशन का उदघाटन किया। जबकि 6 करोड़ की लागत से बनने वाले मिनी सचिवालय भवन की आधारशिला भी रखी।
वहीं सीएम ने करसोग में पॉलिटैक्निक कॉलेज और आयुर्वेद का अस्पताल खोलने की घोषणा की। साथ ही बस स्टैंड के लिए एक करोड़, सिविल अस्पताल करसोग के बिस्तरों की संख्या को बढ़ाकर 150 करने और इलाके में एक नया पीएचसी खोलने सहित अन्य कई घोषणा, भी की। उनके साथ आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, सांसद राम स्वरूप शर्मा, विधायक हीरालाल, जवाहर ठाकुर, इंद्र सिंह गांधी, डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर और एसपी मंडी गुरदेव चंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
Latest
- CPS मामले में 8 व 9 मई को होगी सुनवाई, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता करेंगे पैरवी
- SJVN ने भारत के प्रथम बहुउद्देशीय ग्रीन हाइड्रोजन पायलट प्रोजेक्ट का किया उद्घाटन
- सेंट ल्यूक्स स्कूल में छात्र ने लैब से मिले काॅपर सल्फेट का किया सेवन, चंडीगढ़ रैफर
- Nahan में दुनिया के सबसे बड़े ड्रग तस्कर की भक्ति, SP ने दिखाई सहेजी गई तस्वीर
- HRTC की बस के टायर खुलने पर चालक का क्या कसूर, निलंबन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी