जोगिंद्रनगर (एमबीएम न्यूज) : स्वच्छ भारत मिशन, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्त भारत विषयों के तहत युवक मंडल मसौली ने वीरवार को पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्राथमिक पाठशाला में हुए इस आयोजन की अध्यक्षता मुख्याध्यापक अनिल कुमार ने की। युवक मंडल व शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि घरों, स्कूलों व सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ेदान का प्रयोग करके स्वच्छता मिशन को कामयाब किया जा सकता है। कूड़ा यहां-वहां नहीं फैलाया जाना चाहिए। घरों में शौचालयों का निर्माण अनिवार्य तौर पर किया जाना चाहिए। वृक्षारोपण को महत्व दिया जाना चाहिए। नशाखोरी के खिलाफ भी अनिल कुमार ने विद्यार्थियों को जागरूक किया।
युवक मंडल मसौली की ओर से मुख्याध्यापक अनिल कुमार अवस्थी, सीमा देवी, व सुनीता ठाकुर ने पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं मोहित कुमार प्रथम, प्रिया द्वितीय व पैरवी तृतीय को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर युवक मंडल के उपप्रधान छांगा राम, कोषाध्यक्ष विवेक शर्मा, प्रेस सचिव अश्वनी कुमार, राम सिंह व अभिषेक कुमार आदि भी उपस्थित रहे।