एमबीएम न्यूज़ / ऊना
जिला मुख्यालय के साथ लगते लालसिंगी में जामुन के पेड़ पर चढ़कर फल खाने एक किशोर को इतना महंगा पड़ गया कि उसे अपनी दोनों टांगों से हाथ धोना पड़ गया। दोनों टांगे फ्रैक्चर होने की वजह से उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। जहां पर किशोर की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि उक्त किशोर मनी पुत्र चंद्र पाल लालसिंगी का रहने वाला है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह लालसिंगी का रहने वाला मनी अपने घर से कुछ ही दूरी पर एक जामुन के पेड़ पर चढ़ गया और फल खाने लगा।

इसी दौरान जामुन के पेड़ की एक टहनी पर से मनी का पांव फिसल गया। वह लगभग 15 फुट की ऊंचाई से नीचे जमीन पर दोनों पैरों के बल गिर गया। मनी के चिल्लाने पर स्थानीय लोग इकट्ठे हुए। मनी की गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने तुरंत उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया।
जहां पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार देते हुए किशोर के जरूरी टैस्ट करवाए और टैस्टों में उसकी दोनों टांगों में फ्रैक्चर आने के चलते उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। उधर, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के एसएमओ डा. रामपाल शर्मा ने बताया कि पेड़ से गिरने से किशोर की दोनों टांगें फ्रैक्चर हो गई है। किशोर को ऊना अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है।