एमबीएम न्यूज/मनाली
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम को दिल्ली से लेह मार्ग पर बस चलाने के रिकॉर्ड का गौरव हासिल है तो हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम भी पीछे नहीं है। मनाली से लेह रूट पर निगम की डीलक्स बस सेवा इस साल 27वें वर्ष में प्रवेश कर गई है।
475 किलोमीटर के इस रूट पर निगम की बस में मजा लेने की कीमत 2900 रुपए प्रति व्यक्ति तय हुई है। इसमें एक रात केलांग के रात्रि ठहराव में डिनर व ब्रेकफास्ट सुविधा भी शामिल है। एक जुलाई से शुरू हो रही 35 सीटर बस सेवा की ऑनलाइन बुकिंग शुरू होते ही 32 टिकटें धड़ाक से बिक गई। मनाली से यह बस सुबह 10 बजे चलने के बाद शाम 4 बजे केलांग पहुंचेगी। अगले दिन सुबह केलांग से चार बजे लेह के लिए रवानगी होगी। जहां पहुंचने का समय शाम 6 बजे का तय है।
लेह से वापसी का सफर सुबह 5 बजे से शुरू होगा, जो केलांग में समाप्त होगा। इसके बाद अगले दिन केलांग टू मनाली का सफर सुबह 7 बजे शुरू होगा। मध्य सितंबर तक यह बस सेवा चलेगी। रोचक बात यह है कि रोहतांग, बारालचा व तंगलंग दर्रांे से होकर बस लेह पहुंचती है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने 1989 में इस हाईवे को विदेशी सैलानियों के लिए खोला था। धीरे-धीरे देश के पर्यटकों का भी यह पसंदीदा सफर बन गया है।
मनाली में पर्यटन विकास निगम के प्रभारी तेज सिंह राणा कहना है कि यह बस सुविधा 1991 में शुरू की गई थी। तब से अब तक जारी है। उन्होंने कहा कि तब से अब तक यह सफर जारी है। खास बात यह है कि वैकल्पिक दिन पर सेवा मिलती है। साथ ही निगम को यह सुविधा प्रदान करने के लिए दो से तीन बसों की व्यवस्था का शैडयूल बनाना पड़ता है।