मोक्ष शर्मा / नाहन
सैंट्रल जेल के अंडर ट्रायल कैदी प्रेम चंदे की मौत हो गई है। वीरवार को नैनाटिक्कर के समीप बनधारा गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मौत की वजह किडनी फेल होना बताया गया है। 23 जून को अंडर ट्रायल कैदी को दूसरी बार अधरंग का दौरा पड़ा। इसके बाद मेडिकल कॉलेज से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। जहां सोमवार-मंगलवार की रात उसकी मौत हो गई।
इधर अंडर ट्रायल कैदी का अंतिम संस्कार किया जा रहा था, वहीं उसकी सुनवाई भी वीरवार को ही तय थी। लेकिन इसे दो जुलाई तक के लिए स्थगित किया गया था। मौत के आगोश में समाए अंडर ट्रायल कैदी पर संगीन जुर्म के आरोप थे। इसके मुताबिक उसने एक स्कूली नाबालिग छात्रा से दुराचार किया था। सूत्रों के मुताबिक जेल में पहुंचने के बाद अंडर ट्रायल कैदी की हालत ठीक नहीं थी। लंगड़ा कर चलता था, लेकिन धीरे-धीरे स्वास्थ्य में सुधार अवश्य आया था।
उल्लेखनीय है कि पोक्सो एक्ट में जमानत की लेशमात्र ही संभावना होती है। आरोपी को कोर्ट का अंतिम फैसला आने तक न्यायिक हिरासत में ही रहना पड़ता है।
उधर सहायक जेल अधीक्षक विकास भटनागर का कहना है कि तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया था। उन्होंने माना कि किडनी फेल होना ही कैदी की मौत की वजह बनी।