एमबीएम न्यूज़/शिमला
एक दिन पहले मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में मानसून के जुलाई माह के पहले सप्ताह में पहुंचने की भविष्यवाणी की थी। लेकिन विभाग ने शनिवार को आधिकारिक रूप से मानसून के प्रदेश में दस्तक देने की घोषणा कर दी। बीते साल मानसून ने राज्य में 1 जुलाई को दस्तक दी थी। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में आज (बुधवार) को मानसून ने दस्तक दे दी है। मनमोहन सिंह ने कहा कि इस बार प्रदेश में मानसून सामान्य रहेगा। प्रदेश के मैदानी व मध्यवर्ती भागों में 03 जुलाई तक बादलों की गर्जना के साथ बारिश होती रहेगी। जबकि उंचाई वाले कुछ स्थानों में हिमपात हो सकता है।
मनमोहन सिंह ने अगले तीन दिन 28, 29 व 30 जून को राज्य के मैदानी और मध्यवर्ती इलाकों में मुसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। इस बीच आज शिमला सहित कई हिस्सों में भी बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि बीते 24 घंटों में कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर, उना, मंडी और शिमला में बारिश के कारण उमस में कमी आई है।
हमीरपुर जिला के सुजानपुट टीहरा में सर्वाधिक 52 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कांगड़ा जिले के बैजनाथ में 38, शिमला में 36, अंब व गग्गल में 32, भरवीं में 30, धर्मशाला में 28, डल्हौजी में व घुमरू में 27, उदयपुर में 20, भराड़ी व जुब्बड़हट्टी में 18, मनाली व उना में 17, राजगढ़ में 16, अर्की में 15, केलंग में 13, सुन्नी भाज्जी व धर्मपुर में 11, भरमौर, कोटखाई व नूरपुर में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।