एमबीएम न्यूज़ /शिमला
राज्य सरकार ने हड़ताली 108 व 102 एम्बुलेंस कर्मचारियों पर सख्ती बरतने के लिए चार जिलों में एस्मा (आवश्यक सेवा संरक्षण अधिनियम) लागू करने का आदेश कर दिया है। सूबे के स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने आज यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 108 व 102 एम्बुलेंस कर्मियों की हड़ताल सिरमौर, शिमला, चम्बा और सोलन जिलों में चल रही है। इन चार जिलों में इन कर्मियों पर एस्मा लगा दिया गया है। साथ ही एम्बुलेंस संचालित करने वाली कम्पनी को आज शाम तक उक्त जिलों में वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हड़ताल के चलते लोगों व मरीजों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के अन्य 8 जिलों में एम्बुलेंस सेवा सामान्य चल रही है।
परमार ने कहा कि ये एम्बुलेंस कर्मी वेतन बढोतरी व अन्य मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। मंत्री का यह भी कहना रहा कि ये कर्मी किसी के बहकावे में आकर हड़ताल पर उतरे हैं। मामला सुलझाने के लिए सीएम के अलावा सम्बंधित कम्पनी प्रबन्धन के अधिकारी इन कर्मियों के साथ वार्ता कर चुके हैं। एक सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बिलासपुर में एम्स के लिए ज़मीन को स्वास्थ्य महकमे के नाम करवाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एम्स के निर्माण की राह में जमीन की कमी को बाधा नहीं आने दिया जाएगा।