एमबीएम न्यूज / कुल्लू
सीमित संसाधनों के बावजूद एसपी शालिनी अग्रिहोत्री की टीम ने स्कॉच अवार्ड-2018 में रजत पदक जीत कर देश भर में डंका बजाया है। दरअसल रजत पदक के लिए देश भर से 140 नामांकन रजत पदक के लिए दाखिल हुए थे। इसकी कैटेगरी गुड गवर्नेस थी। उड़ीसा को पहला स्थान मिला, जबकि कुल्लू पुलिस को तेलंगाना पुलिस के साथ संयुक्त तौर पर रजत पदक हासिल हुआ है।
जानकारी के मुताबिक अगर कुल्लू पुलिस अपने प्रोजैक्ट के क्रियान्वयन को लेकर प्रदर्शनी का आयोजन कर पाने में सफल होती तो संभवत: पहला स्थान भी झटका जा सकता था, लेकिन बजट व सीमित संसाधनों की वजह से अवार्ड से जुड़ी कुछ अन्य शर्तों को पूरा नहीं किया जा सका। बावजूद इसके रजत पदक हासिल करना अहम बात है। दिल्ली में आयोजित 52वें स्कॉच अवार्ड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने पुरस्कार हासिल किया।
गौरतलब है कि स्कॉच अवार्ड 2018 टिवटर पर भी जबरदस्त तरीके से ट्रैंड कर रहा है। अधिकतर राज्यों की सरकारें इस अवार्ड से जुड़ी हुई हैं। सम्मान समारोह में भी अधिकतर राज्यों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। हर कोई इस बात से बखूबी वाकिफ है कि कुल्लू घाटी नशे के कारोबार को लेकर अंतरराष्ट्रीय पटल पर अंकित है। साथ ही कई अन्य चुनौतियां भी सामने आती हैं।
कुछ महीने पहले एसपी ने सहभागिता हमारी और आपकी प्रोजैक्ट शुरू करने का फैसला लिया था। इसके तहत युवा व महिला मंडलों के अलावा अन्य संस्थाओं को साथ जोडऩे का निर्णय लिया गया। हजारों की संख्या में पुलिस के इस अभियान में लोग जुड़ भी गए। इसका एक मकसद यह भी था कि लोग खुद समाज के पहरेदार बनें। साथ ही अहम जानकारियां खासकर नशे के कारोबार से जुड़ी पुलिस के साथ साझा करें। प्रोजैक्ट कामयाब रहा। यही वजह है कि देश भर में कुल्लू पुलिस के इस अनूठे प्रोजैक्ट को पहचान मिली है।