एमबीएम न्यूज़/पांवटा साहिब
शिलाई मंडल भाजपा के अध्यक्ष शोभाराम चौहान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा जिला भाजपा अध्यक्ष विनय कुमार को भेजा है। हालांकि इस्तीफा देने का कारण व्यक्तिगत बताया गया है। लेकिन वरिष्ठ भाजपा नेता के इस तरह से इस्तीफा देने पर इतना तो साफ है कि भाजपा के भीतर भी सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
शनिवार को पार्टी के विस्तारक कफोटा पहुंचे थे। उनके साथ इस बैठक में मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे। मगर बैठक के बाद उन्होंने अचानक इस्तीफे का फैसला ले लिया। उनके इस निर्णय ने पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को भी सदमे में डाल दिया है।
गौरतलब है कि मंडल अध्यक्ष के तौर पर शोभाराम चौहान ने पार्टी को अपना भरपूर समय दिया है। उन्होंने इस्तीफे की एक प्रति भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को भी भेज दी है। अपने इस्तीफे में उन्होंने संगठन के बढ़ते कार्य को देखते हुए किसी युवा को शिलाई की कमान सौंपने की बात कही है।