एमबीएम न्यूज़ / शिमला
अपने 85वें जन्मदिन पर वीरभद्र सिंह के निशाने पर प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू रहे। उन्होंने कहा की सुक्खू का अध्यक्ष पद पर बने रहना कांग्रेस के लिये आत्मघाती कदम है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का 85 वां जन्मदिन मंगलवार को धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके उनके निजी आवास होलीलोज पर सुबह से उत्सव का माहौल है। बड़ी तादाद में समर्थक उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं। कांग्रेस के कई वर्तमान और पूर्व विधायकों ने होलीलोज जाकर वीरभद्र सिंह को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में वीरभद्र सिंह ने एक बार फिर पीसीसी चीफ सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर जमकर निशाना साधा और उनकी कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा किया। मीडिया के सवालों पर वीरभद्र सिंह ने कहा कि सुक्खू का अध्यक्ष पद पर बने रहना पार्टी के लिए आत्मघाती है।
सिंह ने कहा कि अध्यक्ष के पद पर सुक्खू की भूमिका को इंगित करने के लिये इशारा ही काफी है। उनका कहना रहा कि संगठन में ऐसे लोगों को आगे लाना चाहिए जिनका जनाधार हो। सिंह ने कहा कि सबको साथ लेकर चलने से पार्टियां चलती हैं, तानाशाही से नहीं। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर वीरभद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि वे चुनाव तो नहीं लड़ेंगे । मगर चुनाव लड़ाएंगे। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय हल्के से कांग्रेस सशक्त व जिताऊ प्रत्याशी को टिकट दी जानी चाहिए।
उन्होंने सीएम जयराम ठाकुर को सभ्य व्यक्तित्व वाला करार दिया। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि वे सीएम को काम के हिसाब से कितने नम्बर देंगे, तो वीरभद्र सिंह ने कहा कि पांच महीने में सरकार के कामकाज का सही तरीके से आंकलन नहीं किया जा सकता। वीरभद्र सिंह ने यह भी कहा कि वे अभी 85 साल के जवान हैं। उनके मन मे लोगों की सेवा करने की भूख है। इसी वजह से उनका राजनीति से अभी रिटायरमेंट लेने का कोई इरादा नहीं है।